हापुड़ में गर्मी के बढ़ते प्रकोप से परेशानी भी बढ़ती जा रही है। लू के थपेड़ों के साथ उमस से लोगों का पसीना छूट रहा है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री पहुंच गया है। वहीं मौसम वैज्ञानिक के अनुसार अगले सप्ताह बारिश की संभावना है।
गर्मी के तेवर तल्ख होते जा रहे हैं, दिन निकलते की सूरज की तेज किरणों लोगों को बेहाल कर रही है। गर्मी के साथ अब उमस ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दोपहर के समय तपती सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा और लोगों घरों से निकलने में भी कतराते रहे। सोमवार को दो पहिया वाहनों पर सवार लोगों को लू के थपेड़ों ने बेहाल किया। गर्मी के कारण स्कूली बच्चे भी परेशान दिखे, वहीं जरुरी कार्यों से घरों से निकले लोग छाता, गमछा, कपड़े का सहारा लेकर गर्मी से बचने का प्रयास करते रहे।
शहर में भीषण गर्मी से आम लोगों का जीना बेहाल हो गया है। सोमवार को गर्म हवाओं के साथ लू के थपेड़ों से लोग परेशान दिखे। जिले में तल्ख धूप, उमस एवं तेज गर्मी ने जिलेवासियों को बेहाल कर दिया है। गर्मी और उमस के कारण पसीने से तरबतर लोग दिन भर राहत पाने के लिए सड़क के किनारे छांव की तलाश करते दिखे। सोमवार सुबह से ही तेज चिलचिलाती धूप ने दोपहर में लोगों को झुलसा दिया। सोम्बर को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया। भीषण गर्मी की वजह से लोग इस गर्मी से राहत पाने के लिए ठंडा पेय पदार्थ का सहारा ले रहे हैं। खास कर गन्ना का जूस, मौसमी का जूस, कोल्ड ड्रिंक्स सहित ठंडे पेय पदार्थों की बिक्री काफी बढ़ गई है।
गर्म हवाओं के थपेड़ों संग आसमान से बरस रही आग झुलसा रही है। गर्मी का कहर बहुत ही प्रचंड है। लगातार तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही है। लोग सूर्य की तपिश से बेहाल रहे। गर्मी और उमस बढने से बचने के लिए लोग कूलर, पंखों के सामने बैठे रहे, लेकिन गर्मी भी इस कदर चरम पर है कि लोगों के पसीने तक नहीं सूख पा रहे हैं। हालांकि सूर्य की तपिश के आगे पंखा एवं कुलर भी सही से काम नहीं कर पा रहे हैं। सड़क पर भी लोग गर्मी से बेहाल होकर आते-जाते दिखे। शाम तक सड़कें सूरज की तपिश से तपती रही। नलों और टंकियों से भी गर्म पानी निकलता रहा।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार का कहना है कि इस सप्ताह गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहेगा। अगले सप्ताह में बारिश की संभावना बनी हुई है, जिसके बाद गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।