हापुड़ में दोपहर के समय कई मतदान केंद्र पूरी तरह सूने दिखे। यहां तक कि जिन मतदान बूथों पर सुबह के समय लाइन में 50 से 100 मतदाता लगे हुए थे। वहीं तापमान बढ़ने पर मतदाता घर से निकलने में बचते रहे। वहां पर दोपहर एक से शाम चार बजे तक 10 से 20 लोग ही लाइन में लगे दिखाई दिए। इसी प्रकार का नजारा अन्य बूथों पर भी देखने को मिला।
सुबह करीब साढ़े 11 बजे मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अरुण गोविल एकेपी कॉलेज के मतदान केंद्र पर पहुंचे। यहां कुछ बूथ बिल्कुल खाली पड़े हुए थे। जबकि, दो बूथों पर 10 से अधिक मतदाता मौजूद थे। उन्हें एक महिला कार्यकर्ता ने बताया कि बूथ पर सुबह से ही मतदाता कम आए हैं। इस पर उनके साथ चल रहे भाजपा नेता चक्रवर्ती गर्ग और संजय कृपाल से उन्होंने चर्चा की। पीछे-पीछे मंडल अध्यक्ष पवन गर्ग भी पहुंचे। बूथ से बाहर निकले और कार में उन्हें वोट प्रतिशत की जानकारी देने लगे।
मतदान के साथ मौसम का पारा इस कदर चढ़ा की दोपहर एक बजे के बाद कई मतदान केंद्र सूने पड़ गए। इसे मौसम की मार से जोड़कर देखा जाता रहा। बढ़ते तापमान का असर मतदान पर दिखा।