हापुड़ ब्लॉक परिसर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का हुआ आयोजन किया गया। इसमें 43 जोड़े वैवाहिक बंधन सूत्र में बंधे। वहीं कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना के अंतर्गत 17 दिव्यांगों को ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया।
मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख ममता तेवतिया ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गरीब कन्याओं के विवाह के लिए सामूहिक विवाह योजना चलाई जा रही है। जिसका लाभ सभी वर्ग के जरुरतमंद लोगों को मिल रहा है। कार्यक्रम में 32 जोड़े ब्लॉक व 11 जोड़े नगर पालिका क्षेत्र से शामिल हुए। ब्लॉक प्रमुख ममता तेवतिया और पालिका अध्यक्ष पुष्पा देवी ने नवविवाहित जोड़ो को आशीर्वाद प्रदान किया।
खंड विकास अधिकारी श्रुति सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े की शादी पर 51 हजार रुपये खर्च किए जाते हैं। इनमें 35 हजार रुपये कन्या के खाते में भेजे जाते हैं। दस हजार रुपये का घरेलू सामान नवविवाहित जोड़े को दान स्वरुप दिया जाता है और छह हजार रुपये विवाह समारोह के आयोजन पर खर्च किए जाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सरकार द्वारा संचालित कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना के अंतर्गत 17 दिव्यांगजनों को निशुल्क ट्राईसाइकिल, दो दिव्यांगों को बैसाखी वितरित की गई।