जनपद हापुड़ के थाना हाफिजपुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस की गोली पैर में लगने से बदमाश घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीओ पिलखुवा वरुण मिश्रा ने बताया कि हाफिजपुर पुलिस बुधवार रात ब्रजनाथपुर नहर पटरी पर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी बीच एक व्यक्ति संदिग्ध को पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा और पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की।
बाइक का पीछा कर घेराबंदी करते हुए जवाबी कार्यवाही में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी और वह जमीन पर गिर गया। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घायल बदमाश के कब्जे से पुलिस ने तमंचा, कारतूस, बाइक बरामद की है।
पूछताछ में गिरफ्तार बदमाश ने अपना नाम रिजवान निवासी सिवाल खास थाना जानी जनपद मेरठ बताया है। गिरफ्तार बदमाश शातिर किस्म का अपराधी है जो जनपद अमरोहा के थाना रजबपुर में दर्ज एक मुकदमे में वांछित चल रहा था। उस पर चोरी व लूट के विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं।
अमरोहा पुलिस की ओर से उस पर 25 हज़ार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसके आपराधिक रिकार्ड की जानकारी की जा रही है।