हापुड़ जिले में मौसम के मिजाज में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। कभी ठंडी हवाओं का असर बना हुआ है, तो कभी दिन में गर्मी महसूस की जा रही है। बारिश और ओलावृष्टि के बाद अब एक बार फिर तेज धूप लोगों को परेशान करने लगी है। सुबह और शाम सर्द हवा भी लोगों को ज्यादा परेशान कर रही है। अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार अभी कुछ दिन तक हवा का प्रकोप जारी रहने का अनुमान है। हालांकि दिन के तापमान में वृद्धि होने की उम्मीद है।
मौसम में उतार चढ़ाव का दौर जारी है। मौसम का मिजाज बदलने से लोगों का पहनावा फिर से बदलने लगा है। रविवार को दिन में तेज धूप खिली रही, लेकिन तेज हवा के कारण ठंडक का एहसास होता रहा। दोपहिया वाहनों पर चलने वाले लोगों को सर्द हवाओं से बचने के लिए गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा।
वहीं, कुछ लोग पार्कों और घरों की छतों पर धूप सेंकते नजर आए। दिन में 14 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा चली, जिससे ठंड थोड़ी बढ़ गई। सुबह और शाम हवाओं का प्रकोप लोगों को ज्यादा परेशान कर रहा है। सर्दी का असर बढ़ने से लोग फिर से गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं।
मौसम वैज्ञानिक डॉ.अशोक कुमार ने बताया कि ओलावृष्टि और बारिश के बाद से ठंड बढ़ी है, लेकिन दिन में गर्मी बढ़ी हुई है। हालांकि रात का तापमान 12 डिग्री के आसपास बना हुआ है।